देवरिया, जून 04 -- केन्द्र में मोदी सरकार के 12 वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने पर उत्तर प्रदेश के देवरिया में सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने गुरुवार को प्रबुद्धजनों से सम्पर्क कर सरकार की उपलब्धियों को गिनाया।

भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी प्रभाकर तिवारी ने बताया कि इस अवसर सदर सांसद श्री त्रिपाठी ने कहा कि आज हम एक ऐतिहासिक पड़ाव पर खड़े हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार के 12 वर्ष पूर्ण हुए हैं। ये 12 साल सिर्फ समय नहीं, भारत के नवनिर्माण की गाथा है। ये वो दौर है जब देश ने असंभव शब्द को अपने शब्दकोश से निकाल दिया। 12 साल में अंत्योदय का संकल्प जमीन पर उतरा। 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 12 करोड़ शौचालय, 4 करोड़ पक्के घर, 10 करोड़ उज्ज्वला कनेक्शन। नल से जल योजना से 15 करोड़ घरों तक पानी पहुंचा। आयुष्मान भारत से 55 करोड़ लोगों को 5 लाख तक मुफ्त इलाज मिला।

सदर सांसद ने कहा कि 2014 में भारत दुनिया की 10वीं अर्थव्यवस्था था जबकि आज हम पांचवें नंबर पर हैं और तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहे हैं। मेक इन इंडिया से मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग में भारत दूसरा सबसे बड़ा देश बना। यूपीआई ने डिजिटल पेमेंट में दुनिया को रास्ता दिखाया। आज भारत में हर महीने 1400 करोड़ से ज्यादा यूपीआई ट्रांजैक्शन होते हैं। पिछले 12 साल में 53,000 किमी नेशनल हाईवे बने। वंदे भारत ट्रेनें, नए एयरपोर्ट, जलमार्ग - भारत की रफ्तार नई हुई है। गांव-गांव तक ऑप्टिकल फाइबर, 6 लाख गांवों में 4जी-5जी पहुंचा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित