आजमगढ़ , जुलाई 28 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने मंगलवार को आजमगढ़ दौरे के दौरान निजामाबाद के दिवंगत विधायक आलमबदी आज़मी को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। इसके बाद उन्होंने नई शिक्षा नीति, छात्र आंदोलन, बुलडोजर कार्रवाई तथा विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर भाजपा सरकार की आलोचना की।
मीडिया से बातचीत में शिवपाल यादव ने कहा कि नई शिक्षा नीति पूरी तरह विफल साबित हुई है और इससे शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने का काम हुआ है। हाल के छात्र आंदोलनों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि छात्रों ने सरकार के अहंकार को चुनौती दी है और वे इसके लिए बधाई के पात्र हैं।
रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय पर संभावित बुलडोजर कार्रवाई के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कहा कि यदि विश्वविद्यालय पर बुलडोजर चलाया गया तो समाजवादी पार्टी इसका विरोध करेगी। उन्होंने दावा किया कि छात्र भी ऐसी कार्रवाई को स्वीकार नहीं करेंगे और पार्टी उनके साथ मिलकर विरोध दर्ज कराएगी।
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के विरुद्ध पुलिस कार्रवाई की आलोचना करते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि युवाओं पर गंभीर धाराएं लगाकर जेल भेजना लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने पिछले दस वर्षों में बुलडोजर की राजनीति की है। साथ ही कहा कि यदि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो ऐसी कार्रवाई करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के समाजवादी पार्टी के टूटने संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी पहले से अधिक मजबूत है। उन्होंने राजभर पर कटाक्ष करते हुए उनकी पार्टी की राजनीतिक स्थिति पर भी सवाल उठाए तथा उनके एक विधायक पर पेपर लीक मामले में लगे आरोपों का उल्लेख किया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित