भोपाल , फरवरी 24 -- मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियाँ विदेशी किसानों को लाभ पहुँचाने और भारतीय किसानों की आय घटाने की दिशा में काम कर रही हैं।
आज मंगलवार को भोपाल में कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित विशाल किसान महाचौपाल में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने किसानों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।
सभा को संबोधित करते हुए श्री सिंघार ने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है, जहाँ आधी से अधिक आबादी प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से खेती पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि किसानों के हित में न्यूनतम समर्थन मूल्य की व्यवस्था कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू की गई थी, किंतु आज किसान इसके लिए कानूनी गारंटी की मांग को लेकर संघर्ष करने को मजबूर हैं। यह स्थिति किसानों के साथ अन्याय को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि श्री गांधी ने किसानों के हितों की रक्षा के लिए संसद से लेकर सड़क तक संघर्ष किया, जिसके परिणामस्वरूप केंद्र सरकार को कृषि कानून वापस लेने पड़े। इसे किसानों की एकजुटता और कांग्रेस के संकल्प की जीत बताते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2008 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व में 70 हजार करोड़ रुपये की किसान कर्ज माफी का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया था।
श्री सिंघार ने आशंका जताई कि संभावित इंडिया-यूएस ट्रेड डील का सीधा प्रभाव मध्यप्रदेश की प्रमुख फसलों सोयाबीन, मक्का, गेहूँ, सरसों और दालों पर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि यदि बड़े पैमाने पर आयात बढ़ता है तो किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पाएगा। दूध के आयात से प्रदेश के पशुपालकों पर भी संकट गहरा सकता है।
उन्होंने प्रश्न उठाया कि क्या सरकार विदेशी किसानों को लाभ पहुँचाने के लिए भारतीय किसानों की आय घटाने की दिशा में काम कर रही है। श्री सिंघार ने कहा कि मध्यप्रदेश देश की धड़कन है और यहाँ से उठी आवाज पूरे देश के किसानों को नई ऊर्जा देगी। उन्होंने किसानों और नागरिकों से किसान हित, सम्मान और भविष्य की इस लड़ाई में एकजुट होने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि यह महाचौपाल किसी एक दल की नहीं, बल्कि देश के किसानों के अधिकार, सम्मान और भविष्य की रक्षा की सामूहिक लड़ाई है। कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ खड़ी है और उनके हक की आवाज हर मंच पर बुलंद करती रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित