देवरिया, मई 01 -- समाजवादी पार्टी(सपा) के प्रदेश सचिव और पूर्व विधायक सुभाष लाल श्रीवास्तव ने शुक्रवार को आराेप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार लोकतांत्रिक मर्यादाओं का गला घोंटने पर उतारू है।

श्री श्रीवास्तव यहां एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि भाजपा सत्ता के नशे में संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है और विपक्षी दलों की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उत्तर प्रदेश में अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति बनती जा रही है। यह सरकार बुलडोजर और पुलिस के दम पर विपक्ष को कुचल रही है। संवैधानिक संस्थाओं को गुलाम बनाने का कार्य कर रही है। सरकार की इस नीति के कारण लोकतंत्र कमजोर हो रहा है।

उन्होंने कहा कि देवरिया जिले के बरहज तहसील क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीपुर गांव एक पैमाईश के दौरान एक अधिवक्ता विजेन्द्र सिंह की दुखद मृत्यु हो गई थी।जिसके बाद यहां का जिला प्रशासन ने कई निर्दोष लोगों को गम्भीर दफाओं में आरोपी बनाकर परेशान कर रही है। मृतक वकील के परिजनों ने घटना के बाद कहा था कि तत्कालीन एसडीएम विपिन कुमार द्विवेदी और वकील के तकरार के बाद ही वकील विजेंद्र सिंह की कुछ देर बाद घर पर मौत हो गई। उन्होंने सवाल खड़ा करते हुए कहा कि जब मृतक वकील के परिजन एसडीएम का नाम ले रहे थे तो क्यों एसडीएम को आरोपी नहीं बनाया गया। इस मामले में ग्राम प्रधान और उनके कुछ परिजनों के साथ कुछ अन्य लोगों को पुलिस ने आरोपी बनकर कुछ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित