टोंक , अप्रैल 12 -- कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर विपक्ष को कोसने के अलावा कोई काम नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वह जनता के आईना दिखाने के डर से पंचायत चुनाव को टाल रही है।
श्री पायलट ने रविवार का टोंक में मीडिया से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा पंचायत राज चुनाव कराने की नहीं है। उच्च न्यायालय के निर्देशों के बावजूद सरकार लगातार चुनाव टाले जा रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों के अभाव में जनता के रोजमर्रा के काम रूके हुए है। सरकार नियत ग्रामीणों क्षेत्रों के विकास की बिल्कुल भी नहीं है। भाजपा को मालूम है कि यदि चुनाव हुए तो जनता भाजपा को आईना दिखाने का काम करेगी इसलिए लगातार कोई ना कोई बहाना बनाकर पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव टाले जा रही है।
उन्होंने कहा कि मनरेगा के काम बंद पडे है। सरकार ने मनरेगा की प्रक्रिया को जटिल बनाकर मनरेगा को कमजोर करने का काम किया है जिससे गांवों का विकास अवरूद्ध हो रहा है।
श्री पायलट ने केरल विधानसभा के चुनावों पर कहा कि केरल में कांग्रेस-यूडीएफ के पक्ष में माहौल है। उन्होंने कहा कि केरल में कांग्रेस सरकार बनाने जा रही है। उन्होेंने विश्वास जताया कि केरल सहित पांचों राज्यों के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस अच्छा प्रदर्शन करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित