कोलकाता , मई 09 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राज्य की पहली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पश्चिम बंगाल के लोगों के सामने "साष्टांग प्रणाम" करके जनता का आभार व्यक्त किया।
मंच पर कदम रखने के बाद प्रधानमंत्री ने नोबल पुरस्कार विजेता कवि रवींद्रनाथ टैगोर को पुष्पांजलि अर्पित की और उनके चित्र के सामने हाथ जोड़े, जिससे राज्य विधानसभा चुनावों में पार्टी की निर्णायक जीत के बाद एक ऐतिहासिक राजनीतिक कार्यक्रम का माहौल तैयार हो गया।
यह समारोह बैशाख के 25वें दिन रवीन्द्र जयंती के दिन संपन्न हुआ। राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि शपथ ग्रहण की तारीख इस अवसर को ध्यान में रखते हुए चुनी गई थी।
प्रधानमंत्री मंच पर पहुंचने के बाद भीड़ के सामने आकर मंच के मध्य में पहुंचे और घुटनों के बल बैठ कर पूरे "साष्टांग प्रणाम" की मुद्रा में आकर जनता का आभार व्यक्त किया।
बाद में वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए श्री मोदी ने लिखा, "मैं पश्चिम बंगाल की जनता की शक्ति के सामने सिर झुकाता हूं।"भाजपा ने 294 सदस्यीय पश्चिम बंगाल विधानसभा में 293 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए हुए चुनावों में 207 सीटें जीतकर ऐतिहासिक जनादेश हासिल किया। यह पहली बार है कि भाजपा ने राज्य में सरकार बनाई है।
यह जीत पार्टी के लिए विशेष राजनीतिक महत्व रखती है क्योंकि पश्चिम बंगाल भाजपा के वैचारिक पूर्ववर्ती भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी का गृह राज्य है।
श्री मोदी ने इससे पहले नतीजे घोषित होने के बाद दिल्ली में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बंगाली पोशाक में धोती और कुर्ता पहनकर भाजपा की जीत का जश्न मनाया था। उन्होंने शनिवार को सार्वजनिक रूप से राज्य के लोगों के सामने झुककर जीत के भावनात्मक महत्व को फिर से उजागर किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित