सुलतानपुर , जून 17 -- विधान परिषद सदस्य एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायन शुक्ल ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं ने देश और प्रदेश के विकास को नई दिशा दी है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में 2017 से भी बड़ी जीत हासिल होगी।

सुलतानपुर स्थित पंडित रामनरेश त्रिपाठी सभागार में बुधवार को आयोजित 'विकसित भारत संकल्प सम्मेलन' में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में गोविन्द नारायन शुक्ल मुख्य अतिथि तथा राज्यसभा सदस्य डॉ. संगीता यादव मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने की।

अपने संबोधन में श्री शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान भारत ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा और जनकल्याण के क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि तथा डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

पत्रकारों द्वारा ब्राह्मण समाज की नाराजगी से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा सर्वसमाज की पार्टी है और सभी वर्गों के हित में कार्य करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा से कोई वर्ग नाराज नहीं है और पार्टी को वर्ष 2027 में पहले से अधिक जनसमर्थन मिलेगा।

मुख्य वक्ता डॉ. संगीता यादव ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को जनआंदोलन का रूप देने का आह्वान किया। भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी साकार होगा जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेगा।

कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों और विभिन्न योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन गोविन्द नारायन शुक्ल, डॉ. संगीता यादव, जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी तथा जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह ने फीता काटकर किया। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित