सिरसा , जून 25 -- हरियाणा की सिरसा सांसद कुमारी सैलजा ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर जनता की मूलभूत समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार के दावों और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर है तथा पेयजल, सीवरेज, स्टॉर्म वाटर और नालों की सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति लगातार खराब हो रही है।
कुमारी सैलजा ने गांव चनैत में पेयजल की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे ग्रामीणों पर पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि पानी जैसी बुनियादी जरूरत के लिए आवाज उठाने वालों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि सरकार को बल प्रयोग के बजाय संवाद के जरिए समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
सांसद ने कहा कि यदि लोगों को आज भी पीने के पानी के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है तो यह सरकार की प्रशासनिक विफलता है। साथ ही, सिरसा में वर्षों से लंबित स्टॉर्म वाटर प्रोजेक्ट का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अधूरे विकास कार्यों से व्यापार और आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
कुमारी सैलजा ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा नहरों, नालों की सफाई और घग्घर नदी के तटबंध मजबूत करने के दावे भी अधूरे साबित हुए हैं। मानसून से पहले आवश्यक कार्य पूरे न होने से कई क्षेत्रों में जलभराव और बाढ़ का खतरा बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रचार पर अधिक और जमीनी काम पर कम ध्यान दे रही है। कांग्रेस जनता की आवाज उठाती रहेगी और सरकार से सभी अधूरे विकास कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने की मांग करती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित