रायगढ़ , सितंबर 13 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के ढाई साल के कार्यकाल को विफल करार देते हुए रोजगार, किसानों की समस्या, बिजली दरों, कानून-व्यवस्था और तारा कोल ब्लॉक के मुद्दे पर सरकार पर निशाना साधा।
श्री बैज लैलूंगा जाने के दौरान शनिवार देर रात रायगढ़ पहुंचे और पूर्व विधायक प्रकाश नायक के निवास पर मीडिया से बातचीत की। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार प्रदेश के जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों को उद्योगपतियों के हवाले कर रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकार ने एक लाख युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन पांच हजार युवाओं को भी नौकरी नहीं मिली। उन्होंने किसानों को खाद के लिए परेशान होने का आरोप लगाते हुए बिजली की बढ़ती दरों और स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर भी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
श्री बैज ने तारा कोल ब्लॉक को लेकर आरोप लगाया कि सरकार ने इसे अडानी को दिया है और इससे बड़े पैमाने पर जंगल प्रभावित होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर इस आवंटन को निरस्त किया जाएगा।
उन्होंने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए प्रदेश में हत्या, लूट, चोरी और नशे के मामलों में वृद्धि का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सिस्टम पूरी तरह विफल हो चुका है और सरकार अपराध पर अंकुश लगाने में नाकाम रही है।
श्री बैज ने भाजपा नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने संबंधी चर्चाओं पर दावा किया कि भाजपा के कई नेता उनके संपर्क में हैं और आने वाले समय में कई नेता कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं।
कांग्रेस के नए प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत को लेकर उन्होंने कहा कि उनके आने से प्रदेश में पार्टी संगठन को और मजबूती मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित