लखनऊ/जयपुर , अप्रैल 10 -- समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जब वह मुद्दों पर हारती है तो संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्ष पर निशाना साधती है। उन्होंने कहा कि ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग के जरिए भाजपा की कार्यशैली अब जनता के सामने बेनकाब हो चुकी है।

जयपुर के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे अखिलेश यादव ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि भाजपा ने चुनावों में फर्जी हस्ताक्षरों के जरिए वोट कटवाने की साजिश रची। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के वोट कम करने के लिए बड़े पैमाने पर फॉर्म-7 भरे गए, लेकिन शिकायत के बावजूद चुनाव आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि जो लोग हस्ताक्षर तक नहीं कर सकते, उनके नाम से भी फर्जी साइन किए गए, फिर भी दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में अन्याय और अत्याचार बढ़े हैं और समाजवादी पार्टी 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को एकजुट कर सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जहां पीड़ा है, वहीं पीडीए है और यही गठजोड़ 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा को हराएगा।

उन्होंने भाजपा पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने और महंगाई कम करने के वादे पूरे नहीं किए गए। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कूटनीति पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि सरकार ने वैश्विक स्तर पर नेतृत्व का अवसर खो दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित