पटना , सितंबर 15 -- बिहार में राजनगर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक एवं पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुजीत पासवान को रूस में होने वाले संसदीय चुनाव में अंतरराष्ट्रीय सार्वजनिक चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में आमंत्रित किया गया है।

भाजपा प्रदेश मीडिया से जारी सूचना के अनुसार, रूसी संघ के सिविक चेंबर की ओर से भेजे गए आमंत्रण में श्री पासवान को चुनावी प्रक्रिया के सार्वजनिक पर्यवेक्षण तथा अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों के साथ चुनाव प्रक्रिया के अवलोकन में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।

रूस में 18 से 20 सितंबर 2026 तक स्टेट डूमा के चुनाव होने हैं। इस दौरान विभिन्न देशों के जनप्रतिनिधियों और विशेषज्ञों को अंतरराष्ट्रीय चुनाव पर्यवेक्षण के लिए आमंत्रित किया गया है।

श्री पासवान मॉस्को स्थित सिचुएशनल सेंटर में विदेशी नागरिक समाज के प्रतिनिधियों और अन्य अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षकों के साथ चुनाव प्रक्रिया का अवलोकन और निगरानी करेंगे।

इस उपलब्धि पर श्री पासवान ने कहा कि रूस में अंतरराष्ट्रीय चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में भूमिका निभाने का अवसर उनके लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वह इसे भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों और बिहार की प्रतिष्ठा का प्रतिनिधित्व करने के अवसर के रूप में देखते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित