रायपुर , अक्टूबर 31 -- छत्तीसगढ़ के अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का शनिवार को बालोद जिले में उनके पैतृक गांव भेण्ड्रा में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
श्री कोर्सेवाड़ा के निधन पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
इससे पहले शनिवार सुबह कोर्सेवाड़ा का पार्थिव शरीर विमान से हैदराबाद से रायपुर लाया गया। माना विमानतल पर भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कंडेय, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम, श्याम बिहारी जायसवाल, गजेन्द्र यादव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, प्रदेश कोषाध्यक्ष राम गर्ग और प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज सहित अनेक नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके अंतिम दर्शन कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इसके बाद पार्थिव शरीर को बालोद जिले ले जाया गया। वहां आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित