बैतूल , जनवरी 22 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के भैंसदेही में निजी स्कूल वैन हादसे के बाद क्षेत्र के भारतीय जनता पार्टी विधायक महेंद्र सिंह चौहान ने शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पूरे राज्य में खामियां मौजूद हैं और निजी स्कूलों में निगरानी बढाई जानी चाहिए।
कल सुबह इस भीषण हादसे के बाद विधायक कल शाम जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। इस दौरान विधायक ने शासन और प्रशासन दोनों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह घटना केवल एक क्षेत्र की नहीं है, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश में कहीं न कहीं गंभीर खामियां मौजूद हैं।
उन्होंने कहा कि अधिकारी वर्ग का अधिकतर ध्यान शहरी क्षेत्रों पर केंद्रित रहता है, जबकि ग्रामीण इलाकों की लगातार उपेक्षा हो रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकांश सरकारी स्कूल संचालित होते हैं, लेकिन तहसील और ब्लॉक स्तर पर चल रहे निजी स्कूलों की नियमित मॉनिटरिंग नहीं हो पा रही है। इसका खामियाजा बच्चों और अभिभावकों को भुगतना पड़ रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित