धार , फरवरी 24 -- मध्यप्रदेश के धार जिले की धरमपुरी विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी विधायक कालूसिंह ठाकुर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें विधायक एक महिला को अपशब्द बोलते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद महिला और उसके बच्चे धामनोद थाने पहुंचे और एक शिकायती आवेदन दिया है। आवेदन में महिला ने विधायक पर जान से मारने की धमकी देने और बेटी के कपड़े फाड़ने जैसे संगीन आरोप लगाए हैं। पुलिस ने विधायक के कर्मचारी की रिपोर्ट पर परिवार के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। साथ ही पीड़ित परिवार ने भी विधायक के खिलाफ आवेदन सौंपा है।

पीड़ित परिवार ने कल देर रात धामनोद पहुंचकर आवेदन सौंपा है। धरमपुरी के सिरसोदिया निवासी गेंदाबाई पति संतोष गिरवाल ने बताया कि 22 फरवरी को सुबह कारम नदी किनारे फोरलेन के पास वो और उसका पोता साहिल गिरवाल बकरी चराते हुए वहां से गुजर रहे थे, उसी दौरान रास्ते में विधायक कालूसिंह ठाकुर और उनके साथियों ने उन पर पत्थरबाजी कर मारपीट शुरु कर दी। बेटी पिंकी गिरवाल वहां पहुंची तो उसके साथ अभद्र व्यवहार कर कपड़े फाड़ दिए। जब परिवार को इस घटना की सूचना मिली तो वह भी मौके पर पहुंचे। इस पर विधायक द्वारा परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित