श्रीगंगानगर , मई 02 -- राजस्थान में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के श्रीगंगानगर से विधायक जयदीप बिहानी और श्री गंगानगर में 24 घंटे जल आपूर्ति परियोजना का काम कर रही राजस्थान शहरी अवसंरचना विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के एक सहायक अभियंता जगनलाल बैरवा सहित अन्य अधिकारियों के बीच हुई मारपीट और हाथापाई के मामले की जांच समिति करेगी।
राज्य सरकार के आदेश पर इस पूरे मामले की प्रारंभिक तथ्यात्मक रिपोर्ट के लिए शहरी विकास विभाग के सचिव रवि जैन शुक्रवार देर रात श्रीगंगानगर पहुंचे। उन्होंने आज सुबह स्थानीय अधिकारियों को साथ लेकर शहर में कुछ स्थानों पर जाकर जलापूर्ति परियोजना का निरीक्षण किया और आम लोगों से बातचीत की। इसके बाद पूर्वाह्न 11 बजे सर्किट हाउस में उन्होंने जिला कलेक्टर सहित उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग आरयूआईटीडी और एल एंड टी के अधिकारी शामिल हुए। आरयूआईडीपी के उदयपुर से भी एक उच्च अधिकारी इस सारे मामले की जानकारी लेने के लिए श्रीगंगानगर पहुंचे जो बैठक में भी शामिल हुए।
विधायक जयदीप बिहानी ने पहले अकेले बैठक में आकर अपना पक्ष रखा। उन्होंने जलापूर्ति परियोजना का कार्य निर्धारित समय में पूरा नहीं होने, पूरे शहर की सड़कों को खोदकर छोड़ने या फिर बार-बार खोदने तोड़ने के मुद्दे को प्रमुखता दी। वहीं उन्होंने गुरुवार को अपने एसडी कॉलेज में विधायक सेवा केंद्र में जगन्नाथ बैरवा, शाहनवाज हसन और सोहम परमार के साथ हुए घटनाक्रम के बारे में भी बताया।
इसी दौरान विधायक समर्थक भी जुलूस के रूप में सर्किट हाउस पहुंचे। उन्होंने आरयूआईडीपी और एल एंड टी के खिलाफ नारेबाजी की। श्री जैन ने बैठक से बाहर आकर विधायक समर्थकों की बात सुनी। समर्थकों ने भी करीब उन्हीं बातों को दोहराया जो विधायक ने अधिकारियों को पहले ही बैठक में बता दी थी। इसके अलावा समर्थकों ने यह भी आरोप लगाया कि उक्त अधिकारी शहर की इस ज्वलंत और गंभीर समस्या का समाधान करने की बजाय विधायक सेवा केंद्र में हुए घटनाक्रम को जातीय रूप देने की कोशिश कर रहे हैं।
श्री जैन ने बताया कि इस पूरे मामले की जांच के लिए एक समिति गठित की जा रही है। समिति अपनी रिपोर्ट सरकार को देगी। इसके अलावा भी यहां यह जांच करके भी जाएंगे कि 24 घंटे जल आपूर्ति परियोजना का कार्य किस तरह से चल रहा है। इसमें क्या कमियां है और अगर कमियां है तो उनको दूर किया जाएगा। शहर के सभी हिस्सों में पानी पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता में रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित