लखनऊ , सितंबर 2 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ विधायक और उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व राज्यमंत्री अनिल शर्मा का बुधवार को निधन हो गया। वह काफी समय से बीमार चल रहे थे और अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। उनके निधन की खबर से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई।

बुलंदशहर जिले की शिकारपुर विधानसभा सीट से विधायक अनिल शर्मा के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा, ''उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व राज्यमंत्री एवं जनपद बुलंदशहर के शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक अनिल शर्मा का निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि।''योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वह प्रभु श्रीराम से प्रार्थना करते हैं कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को इस अथाह दुःख को सहन करने की शक्ति दें। मुख्यमंत्री ने अंत में ''ॐ शांति'' कहकर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित