देहरादून , मई 28 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का गुरुवार को पहली बार देवभूमि उत्तराखंड पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया।

श्री नबीन का आज अपराह्न जौलीग्रांट हवाईअड्डे पहुंचने पर सबसे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पुष्प गुच्छ तथा अंगवस्त्र देकर स्वागत किया।

श्री नबीन का स्वागत करने के लिए हवाईअड्डे पर सैकड़ों कार्यकर्ता पहुंचे। भाजपा से जुड़ी महिलाओं ने पारंपरिक अंदाज में वस्त्र पहनकर उनका स्वागत किया। अधिकांश महिलाएं पीली साड़ी और नथ पहनकर आई। तत्पश्चात उनका हवाईअड्डे से देहरादून तक अनेक स्थानों पर स्वागत किया गया। इसके बाद बलवीर मार्ग स्थित प्रदेश कार्यालय पर भी उनका भव्य स्वागत हुआ। यहां वह इस समय पार्टी की प्रदेश कोर कमेटी की बैठक ले रहे हैं। उसके बाद राज्य मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ बैठक होगी। उनके साथ राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष भी यहां पहुंचे हैं।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नवीन 30 मई शनिवार तक उत्तराखंड के तीन दिवसीय महत्वपूर्ण संगठनात्मक प्रवास पर आए हैं। वह शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री श्री धामी से मुलाकात करेंगे। इसके बाद प्रातः 9:45 बजे पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय भुवन चंद खंडूरी के वसंत विहार स्थित आवास जाएंगे एवं परिजनों से मिलकर गहरी शोक संवेदना प्रकट करेंगे। तत्पश्चात सुबह 11:00 बजे से श्री नवीन लगातार संगठनात्मक बैठकें करेंगे। वे प्रदेश के भाजपा सांसदों और विधायकों, फिर प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों और महामंत्रियों, जिला प्रभारियों, सह-प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद वे स्थानीय निकाय के भाजपा जनप्रतिनिधियों से भी चर्चा करेंगे। वह शाम 6:15 बजे ऋषिकेश में मां गंगा आरती में सम्मिलित होंगे। इसके पश्चात वे परमार्थ निकेतन में साधु-संतों के साथ संवाद करेंगे।

श्री नितिन अपने प्रवास के अन्तिम दिन शनिवार, 30 मई को प्रातः 8:10 बजे देहरादून के टपकेश्वर मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद भाजपा के बूथ अध्यक्षों से मुलाकात करेंगे। इस कड़ी में वे सुबह गढ़ी कैंट की टपकेश्वर कॉलोनी में बूथ क्रमांक 141 के बूथ अध्यक्ष किशोर कुमार के आवास पर बूथ कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे डकरा बाजार में बूथ क्रमांक 138 के बूथ अध्यक्ष राजेश कुमार भंडारी के आवास पर पहुंचेंगे और शहीद दुर्गामल्ल मंडल की बूथ समिति की बैठक करेंगे। इसके बाद प्रातः 11:00 बजे श्री नवीन शिग्नीवाला स्थित शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में "विकसित भारत 2047 : उच्च शिक्षा की परिवर्तनकारी भूमिका" विषय पर आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करेंगे। तत्पश्चात, वे दोपहर 2:00 बजे मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के मुख्य सेवक सदन, देहरादून में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं के साथ संवाद कर विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका पर चर्चा करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित