चंडीगढ़ , जनवरी 19 -- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) युवाओं के लिए काम करने का सबसे बेहतर मंच है। भाजपा एक संगठनात्मक पार्टी है, जहां युवाओं को आगे बढ़ने के पूरे अवसर मिलते हैं।
उन्होंने कहा कि कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन के आने के बाद युवाओं में पार्टी के प्रति आकर्षण बढ़ा है और जेन-जी को यह विश्वास है कि भाजपा में युवाओं का सम्मान किया जाता है।
श्री विज ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि जिस पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र नहीं होता, वह देश के लोकतंत्र की रक्षा नहीं कर सकती। भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जहां नीचे से ऊपर तक चुनाव की परंपरा है। पहले वार्ड, फिर मंडल, जिला, प्रदेश और अंत में राष्ट्रीय स्तर पर चुनाव होते हैं, जबकि अन्य पार्टियों में शीर्ष नेतृत्व पहले से तय रहता है और वहां परिवारवाद हावी है।
श्री नबीन के कार्यकाल पर उन्होंने कहा कि उनके पास संगठन और प्रशासन का लंबा अनुभव है। वह बिहार से कई बार विधायक और मंत्री रह चुके हैं। भाजपा में व्यक्ति नहीं, बल्कि टीमवर्क और विकेंद्रीकरण पर जोर दिया जाता है, यही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।
पश्चिम बंगाल में बीएलओ की मृत्यु के मामले पर श्री विज ने कहा कि वहां की स्थिति बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में कानून का नहीं, बल्कि सुश्री ममता बनर्जी का राज चल रहा है और संवैधानिक संस्थाओं पर हमले हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के सामने आने पर स्थिति स्पष्ट की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित