वाराणसी , दिसंबर 24 -- उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा में ब्राह्मण समाज का अपमान हो रहा है।
श्री राय ने कहा प्रदेश सरकार ब्राह्मणों के साथ क्या कर रही है, यह हर कोई देख रहा है। लखनऊ में ब्राह्मण विधायकों की जो बैठक हुई है, उसमें उन्होंने काफी देर कर दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के ब्राह्मण विधायकों ने बहुत देर से आवाज उठाई है। उन्हें यह कदम पहले ही उठाना चाहिए था, क्योंकि भाजपा शासन में ब्राह्मण समाज का लगातार अपमान हो रहा है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाते हुए कहा कि गोरखपुर में 28 वर्षीय विनोद उपाध्याय की कथित फर्जी एनकाउंटर में मौत हुई, जिसे लेकर परिजनों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं यह दर्शाती हैं कि मौजूदा सरकार में ब्राह्मण समाज को निशाना बनाया जा रहा है।
श्री राय ने कहा कि भाजपा ने चुनाव के समय ब्राह्मण समाज से समर्थन लिया, लेकिन सत्ता में आने के बाद उसी समाज का अपमान किया जा रहा है।
उन्होंने भाजपा पर महिला विरोधी होने का भी आरोप लगाया। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जुड़ी एक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने महिलाओं के सम्मान के खिलाफ कार्य किया।
श्री राय ने कुलदीप सेंगर प्रकरण का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा लगातार महिलाओं के खिलाफ अपराधों में आरोपियों को संरक्षण देती रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित