वाराणसी , जून 10 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 4399वें दिन पर रिकॉर्ड कायम करने को लेकर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी काशी पहुंचे।

इस दौरान सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में सब कुछ संगठन तय करता है कि कौन चुनाव लड़ेगा और किसकी क्या जिम्मेदारी होगी। भाजपा संगठन आधारित पार्टी है। तीन बार केंद्र में और 20 से ज्यादा राज्यों में एनडीए की सरकार है।

उन्होंने कहा कि अगर कोई पीडीए की बात करता है तो पहले यह देखे कि मैं किस समाज से आता हूं। भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है। भाजपा का मूल मंत्र है- 'सबका साथ, सबका विकास'। लेकिन जब वे पीडीए समीकरण की बात करते हैं तो खुद देख लें कि मैं किस जाति से हूं। समाजवादी पार्टी देख ले। बिहार, मध्य प्रदेश और हरियाणा के मुख्यमंत्री को देख लें तथा केंद्रीय मंत्रिमंडल में मंत्रियों की जाति देख लें, उन्हें जवाब मिल जाएगा।

2024 के लोकसभा चुनाव में कुछ लोग नैरेटिव सेट करके लोगों को भ्रमित करने में कुछ हद तक कामयाब हो गए थे। लेकिन 2024 के बाद लोगों को हकीकत समझ में आ गई। उसके बाद जितने भी चुनाव हुए- हरियाणा से लेकर बिहार और बंगाल तक- सभी में भाजपा ने जबरदस्त जीत हासिल की है। लोगों ने इनकी मंशा समझ ली है। सरकार नारी सशक्तिकरण के लगातार कार्य कर रही है। समाज का हर वर्ग भारतीय जनता पार्टी से जुड़ रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित