नयी दिल्ली , अक्टूबर 11 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा दुष्कर्म के आरोपी कांग्रेस सांसद प्रो. अंगोमचा बिमोल अकोइजाम को पार्टी से बर्खास्त करने की मांग को लेकर सोमवार को दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर स्थित 'आंध्र एजुकेशन सोसाइटी स्कूल' से काँग्रेस मुख्यालय 'इंदिरा भवन' तक विरोध प्रदर्शन करेगा।
भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी और महिला मोर्चा प्रभारी दग्गुबाती पुरंदेश्वरी के नेतृत्व में पार्टी की महिला सांसद, विधायक, पार्षद और भाजपा दिल्ली प्रदेश महिला मोर्चा की कार्यकर्ता इस प्रदर्शन में शामिल होंगी। पार्टी इस प्रदर्शन का नाम 'नारी शक्ति हुंकार आंदोलन' दिया। पार्टी के मुताबिक प्रदर्शन सोमवार को पूर्वाह्न 11 बजे शुरू होगा।
पार्टी ने कहा कि नौ अक्टूबर को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की आंतरिक समिति ने 'नंबर के बदले सेक्स' की पेशकश और उत्पीड़न के आरोपों को सही पाते हुए कांग्रेस सांसद को बर्खास्त कर दिया। इतनी बड़ी कार्रवाई और 11 छात्राओं की चीख-पुकार के बावजूद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा और काँग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे की चुप्पी यह सिद्ध करती है कि काँग्रेस इस कुकृत्य के समर्थन में अपने सांसद के साथ मजबूती से खड़ी है।
भाजपा ने कहा कि श्री गांधी 'पितृ सत्ता को समाप्त करो' का नारा देते हैं और श्रीमती वाड्रा चुनाव के लिए 'लड़की हूँ लड़ सकती हूँ' का नारा लगाती हैं, लेकिन जब उनकी अपनी पार्टी का सांसद 11 बेटियों का शोषण करता है, तो वे उसके बचाव में सबसे मजबूत ढाल बनकर खड़े हो जाते हैं।
भाजपा ने दुष्कर्म के आरोपी आरोपी सांसद को तुरंत कांग्रेस से निष्कासित करने और लोकसभा से उनका इस्तीफा दिलवाने तथा 11 छात्राओं से माफी मांगने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित