उदयपुर , अप्रैल 24 -- राजस्थान विधानसभा में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर महिला आरक्षण को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने पंचायती राज में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया था, लेकिन राज्य की भजन लाल शर्मा सरकार पंचायती राज चुनाव टालकर उनके अधिकारों का हनन कर रही है।

श्री जूली ने शुक्रवार को यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा हार के डर से पंचायती राज चुनावों से बच रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि समय पर चुनाव नहीं होने से राजस्थान को केंद्र से मिलने वाले करीब तीन हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

उन्होंने महात्मा गॉंधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) को बंद करने के लिए केन्द्र सरकार का विरोध करते हुए कहा कि मजदूरों का भुगतान महीनों से लंबित है और भीषण गर्मी में राहत कार्यों को लेकर भी सरकार गंभीर नहीं है।

इस अवसर पर पूर्व सांसद एवं उदयपुर देहात जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा, पूर्व मंत्री डा मांगी लाल गरासिया, प्रदेश प्रवक्ता पंकज शर्मा भी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित