अमृतसर , जून 20 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को अपने तीन दिवसीय पहले पंजाब दौरे की शुरुआत सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेककर की।
इस अवसर पर श्री नवीन ने पंजाब की शांति, समृद्धि और विकास के लिए अरदास की तथा कहा कि भाजपा महाराजा रणजीत सिंह के सपनों का पंजाब बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
श्री दरबार साहिब में नतमस्तक होने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि जिस प्रकार महाराजा रणजीत सिंह ने पंजाब को एक विशिष्ट पहचान और सुशासन दिया था, उसी भावना के अनुरूप पंजाब को विकास और खुशहाली के मार्ग पर आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उन्हें पंजाब के लोगों की शांति, सुख-समृद्धि और प्रगति के लिए श्री हरमंदिर साहिब में अरदास करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उनकी कर्मभूमि तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब है, जो गुरु गोबिंद सिंह जी का जन्मस्थान है। इसलिए उन्होंने पूरे देश में शांति, भाईचारे और सौहार्द की भी कामना की।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि श्री हरमंदिर साहिब का इतिहास पंजाब को विश्वभर में एक अलग पहचान प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जिस तरह देश विकास के पथ पर अग्रसर है, उसी प्रकार पंजाब भी प्रगति के नए आयाम स्थापित करे और समृद्धि की किरणें राज्य के हर गांव, मोहल्ले और घर तक पहुंचें। इस पवित्र धरती पर आने और माथा टेकने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा ने उन्हें राष्ट्र और पंजाब की सेवा के लिए नई प्रेरणा प्रदान की है।
इस अवसर पर पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ, पंजाब मामलों के सह-प्रभारी नरेंद्र सिंह रैना, भाजपा संसदीय बोर्ड सदस्य इकबाल सिंह लालपुरा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक, सांसद विक्रम साहनी सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
श्री हरमंदिर साहिब के दर्शन के बाद नितिन नवीन ने जलियांवाला बाग पहुंचकर 1919 के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान भाजपा नेताओं ने शहीदों के सम्मान में नारे लगाए और उनके बलिदान को याद किया। इसके बाद उन्होंने दुर्गियाना मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश की एकता और सामाजिक सद्भावना के लिए प्रार्थना की। वहीं श्री राम तीर्थ मंदिर में भगवान वाल्मीकि को नमन करते हुए भारतीय आध्यात्मिक विरासत में उनके योगदान को याद किया।
अमृतसर प्रवास के दौरान भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पंजाब भाजपा की कोर कमेटी के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक भी की, जिसमें संगठनात्मक और राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की गयी।
इससे पहले नितिन नवीन दोपहर करीब 12 बजे श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचे, जहां पार्टी नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। स्वागत करने वालों में केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़, मनोरंजन कालिया, अश्विनी शर्मा, विजय सांपला तथा अन्य वरिष्ठ नेता शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित