अजमेर , अक्टूबर 16 -- राजस्थान में अजमेर शहर जिला कांग्रेस समिति के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने नगर निगम में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर भ्रष्टाचार, तानाशाही और कांग्रेस पार्षदों के प्रति असंसदीय व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए भाजपा को 'बुराई' का प्रतीक बताया है।

शुक्रवार को अजमेर कांग्रेस पार्षदों की समीक्षा बैठक में डॉ. जयपाल ने कहा कि भाजपा स्वयं बुराई का प्रतीक बन चुकी है और जो खुद बुराई के प्रतीक हैं, वे क्या रावण का दहन करेंगे।

डॉ. जयपाल ने बताया कि नगर निगम में भाजपा पार्षद सतीश बंसल द्वारा कांग्रेस की महिला पार्षदों और अन्य पार्षदों के सामने घोर अभद्रता, गाली-गलौज और दुर्व्यवहार किया गया। इसके विरोध में कांग्रेस पार्षदों ने राजस्थान नगरपालिका अधिनियम के प्रावधानों के तहत नगर निगम की महापौर अनामिका शर्मा से नियमानुसार साधारण सभा बुलाने की मांग की थी और उन्हें सात दिन का समय दिया गया था। उन्होंने कहा कि समयावधि बीत जाने के बावजूद न तो साधारण सभा बुलाई और न ही दोषी भाजपा पार्षद सतीश बंसल ने अपने कृत्यों के लिए माफी मांगी।

महापौर द्वारा अधिनियम के तहत साधारण सभा न बुलाए जाने पर आज सभी कांग्रेस पार्षदों ने एकजुट होकर नगर निगम आयुक्त को नगरपालिका अधिनियम के प्रावधानों के तहत स्वयं साधारण सभा आहुत करने के लिये मांग पत्र सौंपा, जिसकी प्रतिलिपि निदेशक एवं शासन सचिव स्वायत्त शासन विभाग शासन सचिवालय जयपुर और उप-क्षेत्रीय निदेशक स्वायत्त शासन विभाग के नाम सख्त कार्रवाई के लिये प्रेषित की गई है।

डॉ. जयपाल ने कहा कि गत नगर निगम चुनावों में अजमेर की जनता ने स्पष्ट रूप से कांग्रेस को जनादेश दिया था, लेकिन भाजपा ने पार्षदों की खरीद-फरोख्त करके अनैतिक रूप से नगर निगम का बोर्ड बनाया।

शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने ऐलान किया कि भाजपा के अनैतिक बोर्ड और बुराई के खिलाफ इस विजयदशमी पर गढ़वाल पैलेस तोपड़ा अजमेर में कांग्रेस पार्टी एवं पार्षदों द्वारा भव्य रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जाएगा, जिसमें कांग्रेस के राम भी अलग होंगे और रावण दहन भी अलग होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित