रायपुर , अप्रैल 06 -- छत्तीसगढ़ में रायपुर जिले के अभनपुर क्षेत्र में आयोजित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रशिक्षण शिविर के दौरान आज विधायक इंद्र कुमार साहू के एक बयान का कार्यकर्ताओं ने विरोध किया जिससे कार्यक्रम का माहौल कुछ देर के लिए गरमा गया।
जानकारी के अनुसार चंपारण मंडल के भिलाई गांव में आयोजित शिविर में विधायक श्री साहू ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि, "जो लोग पार्टी में गद्दारी करते हैं, वे प्रवक्ता बनकर जाते हैं।" उनके इस बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं के बीच नाराज़गी देखी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बयान के बाद कई कार्यकर्ता अपनी जगह से खड़े हो गए और विधायक से तीखी बहस शुरू हो गई। स्थिति धीरे-धीरे तनावपूर्ण हो गई और हल्की धक्का-मुक्की की भी स्थिति बन गई।
हालांकि, मौके पर मौजूद वरिष्ठ नेताओं ने हस्तक्षेप कर विवाद को शांत कराया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर विभिन्न प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
विधायक के समर्थकों का कहना है कि उनके बयान को संदर्भ से हटाकर पेश किया जा रहा है। फिलहाल इस मामले में पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित