रांची , मई 30 -- झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने भाजपा के झारखंड सरकार पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों को पूरी तरह निराधार, राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित और जनता को गुमराह करने का प्रयास बताया है।

श्री पांडेय ने कहा कि भाजपा नेताओं को झारखंड सरकार पर अनर्गल आरोप लगाने से पहले केंद्र सरकार की नीतियों और जनता पर पड़ रहे उसके दुष्प्रभावों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा रोज नए आंकड़े गढ़कर जनता को भ्रमित करने का काम कर रही है। भाजपा के मंत्री और प्रवक्ता टीवी चैनलों पर बड़े आत्मविश्वास के साथ झूठ परोसते हैं, लेकिन जनता अब उनके दावों और वास्तविकता के बीच का अंतर समझ चुकी है।

श्री पांडेय ने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ती थीं, तब भाजपा सरकार महंगाई के लिए ईरान युद्ध, वैश्विक संकट और तेल कंपनियों के कथित घाटे का हवाला देती थी। लेकिन आज जब कच्चा तेल लगभग 108 डॉलर प्रति बैरल से घटकर 87 डॉलर प्रति बैरल के आसपास आ गया है, तब पेट्रोल और डीजल की कीमतों में उसी अनुपात में राहत क्यों नहीं दी जा रही है?श्री पांडेय ने कहा कि भाजपा सरकार की नीति साफ है कि तेल महंगा हो तो पूरा बोझ जनता पर डालो और तेल सस्ता हो तो पुराने घाटे की कहानी सुनाकर वसूली जारी रखो। जनता को केवल एक एटीएम मशीन समझ लिया गया है, जिससे लगातार निकासी की जा रही है। यदि तेल कंपनियां वास्तव में घाटे में हैं, तो उनके शेयर लगातार मजबूत क्यों हो रहे हैं? भाजपा को इसका जवाब देना चाहिए।

श्री पांडेय ने कहा कि भाजपा हमेशा कहती है कि भारत अपनी 85 प्रतिशत तेल आवश्यकता आयात करता है, लेकिन जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें कम होती हैं, तब अचानक यह तर्क सामने आ जाता है कि पेट्रोल-डीजल के दाम केवल कच्चे तेल से तय नहीं होते। यह दोहरा मापदंड भाजपा की आर्थिक नीतियों की सच्चाई उजागर करता है। उन्होंने कहा कि रुपया गिर नहीं रहा है, बल्कि केंद्र सरकार उसे संभालने में विफल साबित हो रही है।

श्री पांडेय ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार जनकल्याण, सामाजिक सुरक्षा, रोजगार, शिक्षा और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। भाजपा के पास जनता के मुद्दों पर कोई सकारात्मक एजेंडा नहीं बचा है, इसलिए वह निराधार आरोपों और भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है। झारखंड की जनता भाजपा की इस राजनीति को अच्छी तरह समझती है और समय आने पर उसका जवाब भी देगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित