चंडीगढ़ , जून 29 -- हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं के कांग्रेस पर दिए जा रहे बयानों को तथ्यों से परे, निराशा से प्रेरित और जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से भटकाने का प्रयास करार देते हुए कहा कि भाजपा पहले अपने 11 वर्ष आठ महीनों के कार्यकाल का हिसाब दे। उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस पर टिप्पणी करने का नैतिक अधिकार खो चुकी है।
श्री सिंह ने कहा कि भाजपा ने हरियाणा को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के बजाय बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, आर्थिक बदहाली और कुशासन की ओर धकेला है। जनता अब प्रचार और इवेंट मैनेजमेंट नहीं, बल्कि जवाबदेही और परिणाम चाहती है।
उन्होंने कहा कि जिस भाजपा शासन में हरियाणा बेरोजगारी, पेपर लीक, भर्ती घोटालों, किसानों की बदहाली, एचपीएससी विवाद, बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ते अपराध, महंगाई और भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं से जूझ रहा हो, उसे कांग्रेस के नेतृत्व और विचारधारा पर सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा संविधान, सामाजिक न्याय, समान अवसर, लोकतंत्र, किसानों, महिलाओं, मजदूरों, युवाओं और गरीबों के अधिकारों की रक्षा पर आधारित है। कांग्रेस सरकारों ने सूचना का अधिकार, मनरेगा, खाद्य सुरक्षा, शिक्षा का अधिकार और आर्थिक विकास जैसे कई ऐतिहासिक निर्णय देश को दिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की आय, युवाओं की भर्तियों, कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे वास्तविक मुद्दों पर जवाब देने से बच रही है तथा प्रचार और झूठे नैरेटिव की राजनीति कर रही है।
उन्होंने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और हरियाणा सरकार ईंधन बचाने की अपील कर रहे हैं तथा 30 सितंबर तक रैलियों, रोड शो और बड़े सार्वजनिक आयोजनों को लेकर प्रतिबंधात्मक निर्देश जारी किए गए हैं, वहीं दूसरी ओर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता के स्वागत में बड़े-बड़े काफिलों और समारोहों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकारी निर्देश जनता के लिए हैं तो क्या वे भाजपा नेताओं पर लागू नहीं होते।
श्री सिंह ने कहा कि आईडीएफसी फर्स्ट बैंक, पंचकूला से जुड़े सरकारी धन घोटाले ने प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं, लेकिन सरकार जवाबदेही तय करने के बजाय विपक्ष पर आरोप लगाने में व्यस्त है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश का युवा भर्ती परीक्षाओं, पेपर लीक और रोजगार को लेकर परेशान है। किसान अपनी फसल का उचित मूल्य पाने के लिए संघर्ष कर रहा है, अपराध बढ़ रहे हैं, महंगाई से आम जनता प्रभावित है, स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था कमजोर हुई है तथा बढ़ते कर्ज के कारण राज्य की आर्थिक स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। श्री राव ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने 11 वर्ष 8 महीने के कार्यकाल में हरियाणा को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के बजाय बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, आर्थिक बदहाली और कुशासन की ओर धकेला है। जनता अब प्रचार और इवेंट मैनेजमेंट नहीं, बल्कि जवाबदेही और परिणाम चाहती है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा को कांग्रेस पर आरोप लगाने के बजाय यह बताना चाहिए कि पिछले वर्षों में युवाओं को कितनी पारदर्शी नौकरियां मिलीं, किसानों की आय में कितना इजाफा हुआ, महिलाओं की सुरक्षा में क्या सुधार हुआ, कानून-व्यवस्था क्यों बिगड़ी और प्रदेश पर कर्ज लगातार क्यों बढ़ता गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों पर पहले भी संघर्ष करती रही है और आगे भी पूरी मजबूती के साथ जनता की आवाज उठाती रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित