कोलकाता , फरवरी 27 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई ने शुक्रवार को राज्य में एक दशक से सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के शासन में भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और खराब कानून व्यवस्था के खिलाफ 'परिवर्तन यात्रा 2026' की घोषणा करते हुए इसे 'बिकोशितो पश्चिम बंगाल' (विकसित पश्चिम बंगाल) की दिशा में निर्णायक कदम बताया है। पार्टी के अनुसार टीएमसी के खिलाफ यह व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जा रहा है।

भाजपा नेताओं ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में यह अभियान राज्य में राजनीतिक बदलाव का मार्ग प्रशस्त करेगा और 'बिकोशितो पश्चिम बंगाल' के विजन को साकार करेगा। यात्रा के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में जनसभाएं, पदयात्राएं, संवाद कार्यक्रम और सामाजिक संगठनों के साथ बैठकें आयोजित की जाएंगी। पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पहुंचकर केंद्र सरकार की योजनाओं और नीतियों की जानकारी देंगे।

पार्टी के अनुसार "परिवर्तन दरकार, चलो भाजपा सरकार" के संयुक्त नारे के साथ शुरू हो रही यह राज्यव्यापी यात्रा 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठनात्मक मजबूती और जनसंपर्क को धार देने के उद्देश्य से तैयार की गयी है।

भाजपा द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार अभियान के उद्घाटन चरण (1-2 मार्च 2026) में कई वरिष्ठ नेता भाग लेंगे। इनमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, धर्मेंद्र प्रधान और शिवराज सिंह चौहान शामिल होंगे।

परिवर्तन यात्रा 5 से 10 मार्च 2026 तक व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रमों के साथ आगे बढ़ेगी और पार्टी के अनुसार, यह पश्चिम बंगाल की राजनीति में निर्णायक मोड़ साबित हो सकती है।

भाजपा का दावा है कि यह केवल राजनीतिक अभियान नहीं, बल्कि लोकतंत्र की पुनर्स्थापना, महिलाओं की सुरक्षा, प्रशासनिक जवाबदेही और जनसामान्य को आवाज देने का आंदोलन है।

यात्रा की रूपरेखा को संगठनात्मक शक्ति प्रदर्शन के रूप में तैयार किया गया है, इसके तहत पश्चिम बंगाल के विभिन्न संगठनात्मक विभागों में एक साथ नौ समानांतर यात्राएं संचालित होंगी।

इस अभियान के 5000 किलोमीटर यात्रा के अंतर्गत 38 संगठनात्मक जिलों और 230 विधानसभा क्षेत्रों को कवर किया जायेगा। इस अभियान के तहत लाखों नागरिकों से प्रत्यक्ष संपर्क किया जायेगा। इस दौरान प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सैकड़ों जनसभाओं के माध्यम से बड़ी रैलियां और सभाएं भी आयोजित होंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित