चंडीगढ़ , अप्रैल 16 -- हरियाणा के सिरसा से कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) परिसीमन के जरिए सत्ता संतुलन बदलना चाहती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महिला आरक्षण के नाम पर परिसीमन प्रक्रिया का इस्तेमाल कर राजनीतिक संतुलन को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रही है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक है।
सुश्री सैलजा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिला आरक्षण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और वर्ष 2023 में पारित कानून को संवैधानिक संकल्प मानते हुए उसका समर्थन करती है। हालांकि उन्होंने केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि परिसीमन के जरिए सत्ता समीकरण बदलने की कोशिश लोकतंत्र को कमजोर कर सकती है।
उन्होंने जाति जनगणना के मुद्दे पर भी भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि ओबीसी, दलित और आदिवासी समुदायों के अधिकारों की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। इस संदर्भ में उन्होंने नेता विपक्ष राहुल गांधी द्वारा लगातार इस मुद्दे को उठाए जाने का उल्लेख किया।
सुश्री सैलजा ने कहा कि कांग्रेस सामाजिक न्याय, समान भागीदारी और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि वह भ्रम फैलाना बंद करे और सभी वर्गों को उनकी जनसंख्या के अनुरूप अधिकार सुनिश्चित करे। कांग्रेस आने वाले समय में इन मुद्दों को और मजबूती से जनता के बीच उठाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित