चंडीगढ़ , मार्च 16 -- भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष परमजीत सिंह कैंथ ने सोमवार को मोगा में आयोजित "बदलाव रैली" को ऐतिहासिक करार देते हुए राज्य की जनता का आभार व्यक्त किया और कहा कि भाजपा ने राज्य की तीन बड़ी चुनौतियों - नशे की समस्या, कानून-व्यवस्था और आर्थिक विकास पर ध्यान केंद्रित किया है।
श्री कैंथ ने कहा कि रैली में उमड़ा जनसैलाब इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि पंजाब के लोग अब राज्य में वास्तविक बदलाव, विकास और सुशासन की राह देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग की भागीदारी ने इस रैली को सफल बनाया है। उन्होंने पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़, कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा और संगठन मंत्री श्रीनिवासुलु सहित जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की। इस रैली ने राज्य की राजनीति में भाजपा की बढ़ती ताकत और संगठनात्मक एकजुटता को स्पष्ट रूप से उजागर किया है।
भाजपा नेता ने रेखांकित किया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संबोधन में पंजाब की तीन सबसे बड़ी चुनौतियों पर ध्यान केंद्रित किया है जिनमें नशा तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए सख्त कार्रवाई को प्राथमिकता दी है। राज्य में कमजोर होती सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताते हुए इसे सुधारने का संकल्प दोहराया गया है। 'डबल इंजन' सरकार के लाभ गिनाते हुए भाजपा ने दावा किया कि केंद्र और राज्य में एक ही दल की सरकार होने से पंजाब के विकास को नई गति मिलेगी।
श्री कैंथ ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि आने वाले समय में अनुसूचित जाति (एससी) वर्गों से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और उनके समाधान के लिए एक विस्तृत मसौदा तैयार किया जा रहा है। इस मसौदे को भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ साझा किया जाएगा ताकि इन वर्गों के कल्याण के लिए ठोस नीतियां बनाई जा सकें।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मोगा की यह रैली पंजाब में नए सामाजिक समीकरण बनाने और संगठन को मजबूत करने की भाजपा की दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा है। श्री कैंथ ने विश्वास जताया कि इस रैली से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा हुआ है, जो पंजाब को विकास, स्थिरता और नशा-मुक्त समाज की दिशा में ले जाने में मील का पत्थर साबित होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित