चंडीगढ़ , अगस्त 28 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अनुशासन समिति ने शुक्रवार को पार्टी के आंतरिक मामलों और संगठन से संबंधित कथित तौर पर पार्टी लाइन के विपरीत बयान देने के मामले में संगरूर के तीन नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किये हैं।

नोटिस पाने वालों में भाजपा संगरूर के पूर्व जिला अध्यक्ष रणदीप सिंह देओल, पूर्व जिला अध्यक्ष मनिंदर सिंह कपियाल तथा भाजपा पंजाब के पूर्व स्टेट सेल्स कोऑर्डिनेटर जतिंदर कलरा शामिल हैं। तीनों ने 25 अगस्त को संगरूर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लिया था।

अनुशासन समिति के अनुसार, प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पार्टी के आंतरिक और संगठनात्मक मामलों को लेकर कथित तौर पर ऐसे बयान दिये गये जो पार्टी की निर्धारित लाइन और अनुशासन के विपरीत थे। समिति ने कहा कि प्रथम दृष्टया इस आचरण से पार्टी की प्रतिष्ठा, विश्वसनीयता और संगठनात्मक छवि प्रभावित हुई है।

तीनों नेताओं को नोटिस मिलने के सात दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। उनसे प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनकी भूमिका, उनके द्वारा दिये गये बयानों और प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने के उद्देश्य के संबंध में भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।

समिति ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में जवाब नहीं देने पर भाजपा के संविधान और नियमों के तहत बिना किसी अन्य नोटिस के अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की जा सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित