चंडीगढ़ , अप्रैल 30 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा ) एक मई 2026 को 'जनता दी विधानसभा ' का आयोजन करेगी। यह कार्यक्रम पूर्वाह्न 11 बजे से सेक्टर 37-ए स्थित पंजाब भाजपा मुख्यालय के पास आयोजित किया जाएगा।
यह कार्यक्रम उसी दिन आयोजित हो रहे पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र के समानांतर एक जन मंच के रूपमें देखा जा रहा है। भाजपा का कहना है कि इस पहल के जरिए राज्य के अहम जन मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे, जिनमें प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू और पूर्व स्पीकर चरणजीत सिंह अटवाल शामिल हैं। इसके अलावा कई पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद और विधायक भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
प्रदेश महासचिव अनिल सरीन ने गुरुवार को बताया कि कहा कि यह कार्यक्रम ऐसे समय में आयोजित किया जा रहा है, जब विधानसभा के विशेष सत्र कथित तौर पर जनहित की बजाय राजनीतिक उद्देश्यों के लिए बुलाये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष पद की गरिमा, जन मुद्दों के प्रति सरकार के रवैये और उच्च न्यायालय के निर्देशों के बावजूद कर्मचारियों को लंबित मंहगाई भत्ता न दिये जाने को लेकर भी चिंताएं जताई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों में एक ऐसा मंच जरूरी हो गया है, जहां जनता की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके। 'जनता दी विधानसभा' का उद्देश्य जन समस्याओं को सामने लाना और लोकतांत्रिक जवाबदेही को मजबूत करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित