भोपाल , अक्टूबर 22 -- मध्यप्रदेश में विपक्ष और कोकरोज जनता पार्टी (सीजेपी) के सवालों का जवाब देने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने 'लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ' अभियान के तहत प्रदेश स्तरीय टीमों का गठन किया है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर तैयार कार्ययोजना में मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों को विभिन्न कार्यक्रमों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अभियान के प्रदेश संयोजक भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. निशांत खरे बनाए गए हैं। सांसद एवं प्रदेश महामंत्री लता वानखेड़े, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार, प्रदेश उपाध्यक्ष नंदिता पाठक, सांसद आलोक शर्मा और विधायक राजेश सोनकर को सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।

कार्ययोजना के तहत पदयात्रा की जिम्मेदारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश महामंत्री रणवीर रावत और पूर्व युवा मोर्चा अध्यक्ष वैभव पवार को सौंपी गई है। राष्ट्र चिंतन संवाद का दायित्व मंत्री राकेश सिंह, विधायक गौरव पारधी और विधायक रीति पाठक संभालेंगे। युवा संवाद के लिए मंत्री इंदर सिंह परमार, युवा मोर्चा अध्यक्ष श्याम टेलर और मुदित शेजवार को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि छात्र प्रतियोगिताओं का दायित्व मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, युवा आयोग अध्यक्ष प्रवीण शर्मा और विधायक नीरज ठाकुर को सौंपा गया है।

इन्फ्लुएंसर्स आउटरीच कार्यक्रम की जिम्मेदारी उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, विधायक अर्चना चिटनिस और मनोरंजन मिश्रा को दी गई है। प्रेस कॉन्फ्रेंस और लेख प्रबंधन का काम प्रदेश मीडिया प्रभारी बृजगोपाल लोया, दीपक जैन और आशुतोष तिवारी देखेंगे। सोशल मीडिया अभियान की जिम्मेदारी राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, सुयश त्यागी और सुरेंद्र शर्मा को सौंपी गई है।

इसके अलावा विशेषांक पत्रिकाओं के लिए पूर्व सांसद आलोक संजर, इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव और पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया तथा प्रचार सामग्री के लिए प्रदेश मंत्री राजेंद्र सिंह राजपूत, अभय प्रताप सिंह यादव और नितेश शर्मा को जिम्मेदारी दी गई है।

पार्टी की कार्ययोजना में प्रेस कॉन्फ्रेंस, पदयात्रा, बौद्धिक एवं युवा संवाद, छात्र प्रतियोगिताओं और सोशल मीडिया प्रचार सहित विभिन्न गतिविधियां शामिल हैं। हालांकि, जारी परिपत्र में कार्यक्रमों की तारीखों और समय-सारणी का उल्लेख नहीं किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित