जालंधर , अगस्त 16 -- भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण नियुक्तियां करते हुए जालंधर शहरी के पूर्व जिला अध्यक्ष सुशील शर्मा को होशियारपुर का प्रभारी तथा पूर्व जिला अध्यक्ष रमन पब्बी को मोहाली का सह-प्रभारी नियुक्त किया है।
नियुक्ति के बाद सुशील शर्मा ने भाजपा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, प्रदेश नेतृत्व और पार्टी हाईकमान का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसे वह पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि होशियारपुर में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए वह दिन-रात कार्य करेंगे।
श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत, निष्ठा और समर्पण का सम्मान करने वाली पार्टी है। संगठन को मजबूत करने के साथ वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान देते हुए सभी को साथ लेकर पार्टी के विस्तार के लिए काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा देश की प्रमुख राजनीतिक शक्ति के रूप में उभरी है और पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों एवं विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं के सहयोग से होशियारपुर में भाजपा का संगठन और मजबूत होगा।
भाजपा ने जालंधर के पूर्व जिला अध्यक्ष रमन पब्बी को मोहाली का सह-प्रभारी नियुक्त किया है। रमन पब्बी ने इस जिम्मेदारी के लिए प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, प्रदेश नेतृत्व और पार्टी हाईकमान का धन्यवाद किया।
श्री पब्बी ने कहा कि वह पार्टी द्वारा सौंपी गयी नयी जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाएंगे तथा कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर मोहाली में संगठन को और मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में भाजपा पंजाब में लगातार मजबूत हो रही है। आने वाले समय में पार्टी को और प्रभावशाली बनाने के लिए पूरी टीम के साथ मिलकर काम किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के सहयोग और संगठन के मार्गदर्शन से वह अपनी नई जिम्मेदारी को सफलतापूर्वक निभाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित