नयी दिल्ली , मार्च 06 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने सभी सांसदों को नौ और दस मार्च को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के लिये व्हिप जारी किया है। पार्टी ने शुक्रवार को लोकसभा सांसदों से कहा है कि वह इन दिनों सदन की कार्यवाही के दौरान मौजूद रहें और महत्वपूर्ण विधायी कार्यों में भाग लें।

संसद के बजट सत्र के दूसरा चरण नौ मार्च से शुरू हो रहा है। ऐसी अटकलें हैं कि इस दिन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ सदन में विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव आ सकता है।

भाजपा सूत्रों के अनुसार पार्टी ने अपने सांसदों को सदन में मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं ताकि सरकार से जुड़े महत्वपूर्ण विधायी कार्यों और चर्चाओं के दौरान पार्टी की पूर्ण उपस्थिति सुनिश्चित की जा सके।

सांसदों से कहा गया है कि वे पार्टी के निर्देशों का पालन करते हुए सदन में उपस्थित रहें और आवश्यक होने पर सरकार के पक्ष में मतदान भी करें। संसदीय परंपरा के अनुसार, व्हिप जारी होने के बाद सांसदों की अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया जाता है और पार्टी अनुशासन के तहत कार्रवाई भी की जा सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित