सहारनपुर , मई 16 -- उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करते हुए सहारनपुर महानगर के 11 मंडलों के प्रभारियों की घोषणा की है।

भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई ने नवनियुक्त मंडल प्रभारियों को बधाई देते हुए कहा कि सभी प्रभारी संगठन के अनुभवी, कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने पार्टी में विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। उन्होंने कहा कि संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से प्रदेश एवं क्षेत्रीय नेतृत्व द्वारा इन नियुक्तियों को अंतिम रूप दिया गया है।

नगर विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि संगठन के प्रति निष्ठा, अनुभव और कार्यशैली को देखते हुए कार्यकर्ताओं को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी प्रभारी पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

महापौर अजय सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में कार्यकर्ताओं को उनकी मेहनत, संगठन क्षमता और जनसेवा के आधार पर दायित्व दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि नए मंडल प्रभारी बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त करने, केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा संगठनात्मक कार्यक्रमों को गति देने का कार्य करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित