मुंबई , जून 25 -- महाराष्ट्र भाजपा के मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बाण ने गुरुवार को शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत पर राजनीतिक बयानबाजी करने और अपनी पार्टी के उन सांसदों के खिलाफ खोखली धमकियां देने का आरोप लगाया जो हाल ही में शिवसेना के शिंदे गुट में शामिल हो गए हैं।

मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि शिवसेना (यूबीटी) के भीतर गुटबाजी तेज हो गई है और वरिष्ठ नेताओं के इर्द-गिर्द अलग-अलग समूह उभर रहे हैं। श्री बाण ने कहा कि विपक्ष के महा विकास अघाड़ी (एमवीए) को एकजुट करने का प्रयास करने के बजाय उद्धव ठाकरे और उनके सहयोगियों को अपनी पार्टी को एकजुट रखने पर ध्यान देना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के खिलाफ श्री राउत की हालिया टिप्पणियों का जवाब देते हुए श्री बाण ने कहा कि राउत को दूसरों पर निशाना साधने से पहले आत्मनिरीक्षण करना चाहिए और अपनी पार्टी के भीतर की समस्याओं से निपटना चाहिए।

श्री बाण ने दावा किया कि श्री राउत के पास अब वह राजनीतिक ताकत नहीं रह गई है जिसका वे कभी दावा करते थे और उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खेमे में अब केवल "बुझे हुए पटाखे" बचे हैं। उन्होंने दृढ़ता से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द् मोदी ने राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर बार-बार निर्णायक नेतृत्व का परिचय दिया है और उन्हें देश के हित में काम करने के लिए किसी की अनुमति की आवश्यकता नहीं है। अयोध्या राम मंदिर के मुद्दे पर राउत और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बाण ने उन पर अतीत में मंदिर आंदोलन का विरोध करने और अब मंदिर के दानपात्र विवाद से जुड़े आरोपों के माध्यम से पवित्र स्थल को बदनाम करने का प्रयास करने का आरोप लगाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित