नयी दिल्ली , मार्च 16 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के बयान और असदुद्दीन ओवैसी के साथ इफ्तार में उनके शामिल होने को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पार्टी प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने निशाना साधते हुये कांग्रेस की नीतियों और बयानबाजी को लेकर सवाल उठाए।
श्री शुक्ला ने कहा कि जिस ओवैसी को कांग्रेस अक्सर भाजपा की "टीम-बी" बताती है, वही तेलंगाना में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के करीबी नजर आते हैं। उन्होंने कहा कि श्री रेड्डी हाल ही में हैदराबाद में आयोजित एक 'दावत-ए-इफ्तार' कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां उन्होंने ओवैसी के साथ खजूर खाए और मुस्लिम समुदाय की दुआओं का जिक्र करते हुए बयान दिया। उन्होंने इसे राजनीतिक तुष्टिकरण बताते हुए इसकी आलोचना की।
श्री शुक्ला ने आरोप लगाया कि श्री रेड्डी ने अपने भाषण में कहा, ''आपकी दुआओं से देश चल रहा है और सब कुछ ठीक है।'' उन्होंने कहा कि इस प्रकार के बयान समाज में एकतरफा संदेश देते हैं और इससे तुष्टिकरण की राजनीति को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी अक्सर विरोधाभासी दिखाई देती है।
श्री शुक्ला ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ समय पहले श्री रेड्डी ने हिंदू देवी-देवताओं को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा कि हिंदू आस्था से जुड़े विषयों पर इस प्रकार की टिप्पणी करना करोड़ों लोगों की भावनाओं को आहत करने वाला है। उन्होंने कहा कि एक ओर मुख्यमंत्री ऐसे बयान देते हैं, वहीं दूसरी ओर मुस्लिम समुदाय से समर्थन की अपील करते हैं।
श्री शुक्ला ने इस मामले कांग्रेस नेता राहुल गांधी से इस पूरे मामले पर स्पष्ट रुख बताने की मांग की। उन्होंने कहा कि श्री गांधी को यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या रेवंत रेड्डी की बयानबाजी कांग्रेस पार्टी की आधिकारिक नीति का हिस्सा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित