नयी दिल्ली , जनवरी 16 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से संबंधित कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा की। पार्टी के राष्ट्रीय निर्वाचन अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण ने 'संगठन पर्व' के तहत यह अधिसूचना जारी की। इसके अनुसार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया 19 जनवरी को आयोजित की जाएगी।
डॉ. लक्ष्मण ने बताया कि 19 जनवरी को दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। उसी दिन शाम 4 बजे से 5 बजे तक दाखिल नामांकनों की जांच और परीक्षण की जाएगी। इसके बाद उम्मीदवारों को शाम 5 बजे से 6 बजे तक अपने नामांकन वापस ले सकेंगे।
डॉ. लक्ष्मण ने कहा कि यदि एक से अधिक उम्मीदवार मैदान में होते हैं, तो 20 जनवरी को मतदान कराया जाएगा। मतदान उसी दिन सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे के बीच भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी।
वर्तमान में नितिन नबीन भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। पार्टी के भीतर संगठनात्मक स्तर पर चल रहे चुनावों की यह अंतिम और सबसे महत्वपूर्ण कड़ी मानी जा रही है।
डॉ. लक्ष्मण ने बताया कि भाजपा का 'संगठन पर्व' एक चरणबद्ध प्रक्रिया है, जिसकी शुरुआत बूथ स्तर से होती है और मंडल, जिला, राज्य इकाइयों से होते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव तक पहुंचती है। इस पूरे अभियान का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करना और आंतरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सशक्त बनाना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित