बेंगलुरु , अक्टूबर 30 -- कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) नेता आर अशोक ने गुरुवार को मुख्यमंत्री सिद्दारमैया पर राज्य के संसाधनों को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के निर्वाचन क्षेत्र वायनाड की ओर भेजने का आरोप लगाया।

श्री अशोक ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने वायनाड के लिए 10 करोड़ रुपये मंजूर किए और उस जिले में हाथी के हमले में मारे गये एक व्यक्ति के परिवार को 15 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की।

उन्होंने श्री सिद्दारमैया पर भूस्खलन के बाद वायनाड में 100 घर बनाने का वादा करने और राज्य के लोगों की परेशानियों को नजरंदाज' करने का भी आरोप लगाया।

श्री अशोक ने वायनाड पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कर्नाटक राज्य पर्यटन विकास निगम (केएसटीडीसी) की आलोचना करते हुये आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री गांधी परिवार को खुश करने के लिए सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित