रायपुर , अक्टूबर 30 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर विभिन्न राज्यों में अपने सोशल मीडिया संगठन को सुदृढ़ करने की दिशा में नई जिम्मेदारियां निर्धारित की हैं। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के भाजपा नेता मितुल कोठारी को उत्तर प्रदेश में पार्टी की सोशल मीडिया टीम में महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। वहीं, सोमेश पांडे को उत्तराखंड में जिम्मेदारी दी गई है। इन नियुक्तियों से संबंधित आदेश बीती रात केंद्रीय कार्यालय से जारी किया गया है ।
भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व की ओर से जारी आधिकारिक सूची में दोनों नेताओं को जिम्मेदारी सौंपे जाने का उल्लेख किया गया है। पार्टी के जानकारों के अनुसार, आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए डिजिटल माध्यमों पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने और सोशल मीडिया तंत्र को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में सोशल मीडिया गतिविधियों के समन्वय और संगठनात्मक कार्यों को गति देने के लिए अनुभवी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी जा रही है। मितुल कोठारी और सोमेश पांडे को सौंपे गए दायित्वों को इसी संगठनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर मितुल कोठारी ने भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व, केंद्रीय संगठन और सोशल मीडिया विभाग के पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर विश्वास जताते हुए यूपी में काम करने का मौका दिया है। वह पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे और टीम के साथ मिलकर पार्टी की उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित