सहारनपुर , मई 20 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सहारनपुर महानगर इकाई ने संगठन को अधिक सशक्त और सक्रिय बनाने के उद्देश्य से शक्ति केंद्र एवं बूथ कमेटियों को गतिशील करने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की है।
भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई और नगर विधायक राजीव गुंबर ने बुधवार को दिल्ली रोड स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित शक्ति केंद्र संयोजकों एवं बूथ अध्यक्षों की बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने नवनियुक्त मंडल प्रभारियों को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत बूथ संगठन है। बूथ अध्यक्ष संगठन की रीढ़ हैं और प्रत्येक बूथ को सक्रिय बनाना सभी कार्यकर्ताओं की प्राथमिकता होनी चाहिए।
नगर विधायक राजीव गुंबर ने 'मेरा बूथ सबसे मजबूत' और 'सबका साथ, सबका विश्वास' के मूल मंत्र को दोहराते हुए कहा कि भाजपा देश का सबसे अनुशासित और मजबूत संगठन है। उन्होंने कहा कि शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही प्रत्येक चुनाव में पार्टी की विजय सुनिश्चित करती है।
महापौर अजय कुमार सिंह ने कहा कि सरकार 'सबका साथ, सबका विकास' की भावना के साथ कार्य कर रही है और संगठन की मजबूती ही पार्टी की वास्तविक शक्ति है।
पूर्व महापौर संजीव वालिया ने प्रत्येक बूथ पर नियमित संगठनात्मक गतिविधियां संचालित करने तथा नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने पर जोर दिया। वहीं, पूर्व विधायक जगपाल सिंह ने कहा कि बूथ सशक्त होगा तो संगठन मजबूत होगा और आने वाले चुनावों में पार्टी ऐतिहासिक विजय प्राप्त करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित