चंडीगढ़ , अक्टूबर 26 -- चंडीगढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके दिवंगत पिता के प्रति कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की कथित अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन किया।

प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा के निर्देश पर कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-33 स्थित भाजपा कार्यालय कमलम से कांग्रेस भवन की ओर मार्च निकाला।

सेक्टर-35 स्थित कांग्रेस भवन की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने आकाशवाणी केंद्र के सामने बैरिकेड लगाकर रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पार करने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने वॉटर कैनन से पानी की बौछार कर उन्हें रोकने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।

प्रदेश महामंत्री रामवीर भट्टी ने कहा कि प्रधानमंत्री और उनके दिवंगत पिता के प्रति कथित अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद नेताओं को सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा बनाए रखनी चाहिए।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि राजनीतिक प्रतिस्पर्धा नीतियों, विचारों और जनसेवा पर आधारित होनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस से व्यक्तिगत टिप्पणियों से बचने और सम्मानजनक राजनीतिक संवाद बनाए रखने की अपील की।

प्रदर्शन में नरेश पांचाल, इंदिरा सिंह, दविंदर बबला, संजीव राणा, शक्ति प्रकाश देवशाली, रवि रावत, अभय झा, प्रिया पासवान, रविंद्र मलिक, भूपेंद्र सैनी, अनूप गुप्ता, सोनू सरपंच, अमित खैरवाल और मनदीप सिंह सहित कई भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपा ने कांग्रेस नेतृत्व से कथित टिप्पणी पर आत्ममंथन करने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित