भोपाल , जून 23 -- भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने संगठनात्मक नियुक्तियों के तहत प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों तथा स्थायी आमंत्रित सदस्यों की सूची जारी कर दी है। नियुक्तियों संबंधी आदेश मंगलवार को जारी किए गए।

जारी सूची के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय, प्रह्लाद पटेल, विष्णुदत्त शर्मा, तुलसीराम सिलावट, विश्वास सारंग सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनाया गया है। कार्यसमिति में महिला, युवा, अनुसूचित जाति, जनजाति और विभिन्न सामाजिक वर्गों के प्रतिनिधियों को भी स्थान दिया गया है।

प्रदेश कार्यसमिति में कुल 106 सदस्यों को शामिल किया गया है। इनमें कई वर्तमान और पूर्व जनप्रतिनिधियों, संगठन पदाधिकारियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसी प्रकार भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के लिए 41 स्थायी आमंत्रित सदस्यों की भी घोषणा की गई है। सूची में सत्यनारायण जटिया, कप्तान सिंह सोलंकी, सीताशरण शर्मा, विक्रम वर्मा, गोरीशंकर बिसेन, सुरेश पचौरी, गोपाल भार्गव, जयंत मलैया, कैलाश चावला, यशोधरा राजे सिंधिया, नानाभाऊ महोड़, ज्ञान सिंह सहित कई वरिष्ठ नेताओं को स्थान दिया गया है।

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि सभी संभाग प्रभारी, जिला प्रभारी, प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष एवं प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक प्रदेश कार्यसमिति के विशेष आमंत्रित सदस्य रहेंगे।

भाजपा संगठन ने इन नियुक्तियों को आगामी संगठनात्मक गतिविधियों, सदस्यता विस्तार, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा चुनावी तैयारियों को मजबूती प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि नई कार्यसमिति और स्थायी आमंत्रित सदस्य संगठन को प्रदेश स्तर पर और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित