रायपुर , अगस्त 01 -- छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी में चल रहे विवाद को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता से बाहर होने के बाद कांग्रेस में संगठनात्मक असंतोष और गुटबाजी खुलकर सामने आ रही है।

श्री ठोकने ने कहा कि पूर्व मंत्री उमेश पटेल को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने की मांग को लेकर उठे विवाद और पूर्व जिलाध्यक्ष अरुण मालाकार को जारी कारण बताओ नोटिस से कांग्रेस का तथाकथित अनुशासन उजागर हो गया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर चल रहा पोस्टर अभियान और नारों की राजनीति कांग्रेस के भीतर चल रही खींचतान को दर्शाती है।

भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और उमेश पटेल समर्थक नेताओं के बीच राजनीतिक खींचतान अब सार्वजनिक हो चुकी है। उन्होंने कहा कि रायगढ़, बस्तर, रायपुर और सरगुजा समेत प्रदेश के कई हिस्सों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गतिविधियां संगठन के अंदर चल रहे असंतोष को दिखाती हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को जनता के मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय संगठन में पद और वर्चस्व की लड़ाई में उलझा हुआ है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस अब 'नोटिस और पोस्टर' की राजनीति तक सीमित होकर रह गई है और जनता इस पूरे घटनाक्रम को देख रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित