नयी दिल्ली , सितम्बर 20 -- दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने रविवार को नगर निगम के सफाई कर्मी दीपक कुमार की आत्महत्या के मामले में आम आदमी पार्टी (आप) के पार्षद विजय कुमार को पार्टी से बर्खास्त करने की मांग को लेकर आप के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।

विरोध प्रदर्शन में दिवंगत सफाई कर्मी दीपक की पत्नी संगीता अपनी छोटी बच्ची को गोद में लेकर शामिल हुईं और न्याय की मांग की। मयूर विहार भाजपा जिला कार्यकर्ताओं के साथ ही प्रदेश भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, अनुसूचित जाति मोर्चा, युवा मोर्चा, किसान मोर्चा और पूर्वांचल के सैकड़ों कार्यकर्ता प्रदर्शन में सम्मिलित हुए।

प्रदर्शनकारियों में विधायक रविकांत उज्जैनवाल और श्री रविन्द्र नेगी, निगम पार्षद प्रियंका गौतम, मयूर विहार जिलाध्यक्ष विजेन्द्र धामा, प्रदेश पदाधिकारी सुनील यादव, श्री प्रवीण शंकर कपूर, श्री विनोद बछेती, श्री मनोज कुमार, श्री कौशल मिश्रा, श्रीमती सोना कुमारी और श्री अमित गुप्ता शामिल थे।

इसके पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष संतोष ओझा, किसान मोर्चा के अध्यक्ष देवेन्द्र सोलंकी, अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारी राज कुमार चोटेला, लीला सिंह और करतार सिंह, युवा मोर्चा महामंत्री सुधीर डेढ़ा, निलेश दत्त द्विवेदी और सौरभ खरवाल, निगम पार्षद कमल बागड़ी, मुनेश डेढ़ा, शशि चंदना एवं राजकुमार, पूर्व विधायक रोहित महरौलिया तथा पूर्व उपमहापौर राजकुमार ढिल्लों भी प्रदर्शन में शामिल हुए।

निगम सफाई कर्मी दीपक को कथित तौर पर आत्महत्या के लिए बाध्य करने वाले आप पार्षद विजय कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भाजपा कार्यकर्ता विंडसर प्लेस पर एकत्र हुए और वहां से आप के कार्यालय की ओर बढ़ने लगे, तो पुलिस ने दो बैरिकेड्स लगा कर उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसके बाद भी भाजपा कार्यकर्ता नहीं रूके, तो दिल्ली पुलिस ने उन्हे बलपूर्वक रोका और सांसद योगेन्द्र चांदोलिया सहित प्रमुख नेताओं हिरासत में लेकर तिलक मार्ग थाने ले गयी, जहां से एक घंटे बाद उन्हें चेतावनी दे कर छोड़ दिया गया।

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए श्री चंदोलिया ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आप के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज पर निशाना साधा और सवाल किया कि श्री विजय कुमार पर नगर निगम के सफाई कर्मचारी को कथित रूप से प्रताड़ित करने और उसे आत्महत्या के लिए विवश करने के गंभीर आरोपों के बावजूद ये दोनों नेता चुप क्यों हैं ?उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी बताये कि सफाई कर्मचारी दीपक जी की आत्महत्या के मामले में आरोपी बनाए जा रहे अपने पार्षद विजय कुमार को पार्टी से बर्खास्त कब करेगी ?भाजपा सांसद ने कहा कि सफाई कर्मचारियों के साथ किसी भी प्रकार के अन्याय, शोषण अथवा आर्थिक प्रताड़ना को स्वीकार नहीं किया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ता इस मामले में निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर अपना विरोध जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को अब आरोपों से बचने और राजनीतिक बयानबाजी करने के बजाय जनता के सामने उठाए गए इन गंभीर सवालों का स्पष्ट जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मी समाज के लोग दिल्ली को स्वच्छ रखने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं और उनके साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित