नयी दिल्ली , जनवरी 31 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल सरकार पर कोलकाता के पास आनंदपुर में वॉव मोमो के गोदाम में आग लगने की घटना के लिए जिम्मेदार बड़े लोगों को बचाने का आरोप लगाते हुए घटना की उच्चतम न्यायालय की निगरानी जांच कराये जाने की शनिवार को मांग की।

भाजपा ने कहा कि अकेले जनवरी में पश्चिम बंगाल में कम से कम पांच जगहों पर विभिन्न फैक्ट्रियों में आग लगने की घटनाएं हो चुकी हेै जो दर्शाती है राज्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्निशमन और बचाव के नियमों का अनुपालन नहीं कराया जा रहा है।

पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरुप्रकाश ने भाजपा मुख्यालय पर एक संवाददाता सम्मेलन में खबरों का हवाला देते हुए कहा कि आनंदपुर फैक्ट्री दुर्घटना में कम से कम 27 गरीब और मेहनतकश लोगों की जान चली गयी और बहुत से लोग लापता हैं। उन्होंने इस दुर्घटना को भीषण और वीभत्स बताते हुए कहा कि वॉव मोमो के प्रमुख मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नजदीकी है इस लिए राज्य सरकार इस पर चुप है। फैक्ट्री के गोदाम मैनेजर और एकाध निचले स्तर के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की खाना पूर्ति कर इतनी बड़ी घटना पर सरकार चुप लगा गयी है।

भाजपा मीडिया में प्रकाशित एक सचित्र रिपोर्ट को दिखाते हुए कहा कि वॉव मोमो के प्रमुख मुख्यमंत्री के करीब है और वह उनकी मैड्रिड यात्रा में उनके साथ थे। उन्होंने कहा, 'राज्य में कानून नहीं, एक व्यक्ति का शासन है। आनंदपुर फैक्ट्री दुर्घटना पर सरकार की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं दिख रही है। सुश्री ममता एक प्राइवेट कंपनी पर ईडी के छापे के दौरान वहां तुरंत पहुंच जाती है पर आनंदपुर फैक्ट्री पर अब तक नहीं पहुंचीं है जो उनकी असंवेदनशीलता दर्शाता है। कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है। "भाजपा प्रवक्ता श्री गुरुप्रकाश ने कहा कि आग की इन घटनाओं की जवाबदेही तय होनी चाहिए। राज्य विधान सभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने संबंधित थाने पर लोगों के साथ जा कर आनंदपुर फैक्ट्री अग्निकांड में जवाब देही तय किये जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया है।

उन्होंने कहा, 'भाजपा आनंदपुर की घटना की उच्चतम न्यायलय की निगरानी में विशेष जांच दल (एसआईटी) से जांच कराने, और इसके लिए जिम्मेदार बड़े मगरमच्छों पर कानून का फंदा कसने की की मांग करती है।

भाजपा प्रवक्ता ने राज्य में पिछले कुछ समय से ऐसे कई फलाईओवर और पुलों के गिरने अथवा खस्ता हाल होकर उपयोग लायक नहीं रहने का भी मामला उठाया। उन्होंने कहा कि राज्य के मंत्री भाजपा नेताओं को उनके घरों में कैद करने की धमकी दे रहे हैं। भाजपा प्रवक्ता की राय में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के -खेला होबे' के नारे का मतब 'हिंसा होबे' हो गया है । उन्होंने कहा, ' पश्चिम बंगाल में ' विधान का राज नहीं, व्यक्ति का विधान चल रहा है।'आनंदपुर फैक्ट्री अग्निकांड में बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गहरा दुख जताया और मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की भी घोषणा की ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित