जयपुर , अप्रैल 24 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य सरकार पर पंचायती राज को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि नागौर से पंडित जवाहरलाल नेहरू ने लोकतांत्रिक विकेंद्रीकरण की ऐतिहासिक नींव रखी थी लेकिन वर्तमान में भाजपा ने पंचायतीराज चुनाव न करवाकर लोकतंत्र की इस महत्वपूर्ण कड़ी को कमजोर किया है।
श्री गहलोत ने राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं दी और यह बात कही। उन्होंने कहा कि एक वक्त था जब राजस्थान पंचायती राज व्यवस्था के माध्यम से पूरे देश के लिए मिसाल बना था।
एक प्रकार से ग्रामीणों का विकास में भागीदारी का अधिकार इस सरकार ने छीन लिया है। यह कदम महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज के सपने के भी विपरीत है और लोकतंत्र के लिए भी खतरनाक है।
उन्होंने कहा कि पंचायत एवं निकाय चुनावों की मांग को लेकर कांग्रेस का राजीव गांधी पंचायतीराज संगठन आज सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन, स्वराज संवाद, हस्ताक्षर अभियान तथा पदयात्राएं निकाल रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित