पटना , मार्च 09 -- बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने सोमवार को कहा कि भाजपा ने नीतीश कुमार को 'डिजिटल अरेस्ट' कर लिया है और इन दिनों प्रदेश में बेमेल गठबंधन की सरकार चल रही है।

श्री राम ने आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, सदाकत आश्रम में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री श्री कुमार इन दिनों भाजपा के 'डिजिटल अरेस्ट' में हैं और मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम से कांग्रेस को कोई आश्चर्य नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि इसे तो होना ही था, क्योंकि मौजूदा सरकार वोट चोरी की बदौलत बनी थी और भारतीय जनता पार्टी लगातार पर्दे के पीछे से नीतीश कुमार को हटाने की साजिश रच रही थी।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि नीतीश कुमार हमेशा समाजवादी विचारधारा की लड़ाई लड़ते रहे, लेकिन उन्होंने आरएसएस के एजेंडे से समझौता कर लिया है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर ऐसी क्या मजबूरी है कि नीतीश कुमार अपने ही कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के आंसुओं से भी नहीं पिघल रहे हैं।

श्री राम ने आरोप लगाया कि भाजपा की राजनीति सहयोगी दलों को कमजोर करने और खत्म करने की रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह भाजपा ने शिवसेना के नेता एकनाथ शिंदे से समझौता करने के बाद मूल शिवसेना को कमजोर किया, उसी तर्ज पर अकाली दल को भी कमजोर किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता शरद पवार की पार्टी को तोड़ने का काम किया और बीजू जनता दल के नेता नवीन पटनायक के साथ ही कई क्षेत्रीय दलों को धीरे-धीरे समाप्त करने की रणनीति अपनाई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित