चंडीगढ़ , मई 28 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को राज्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात कर प्रदेश में चल रहे नगर निकाय चुनावों के दौरान कथित बड़े पैमाने पर हुई अनियमितताओं को लेकर विस्तृत ज्ञापन एवं शिकायत पत्र सौंपा।

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के विभिन्न हिस्सों से सामने आयी बूथ कैप्चरिंग, वोटर सूचियों में कथित हेरफेर, सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग और अन्य चुनावी गड़बड़ियों पर गंभीर चिंता जताई। पार्टी ने चुनाव आयोग से इन शिकायतों का तुरंत संज्ञान लेने की मांग की, ताकि लोकतांत्रिक मूल्यों और चुनावी प्रक्रिया की पवित्रता को सुरक्षित रखा जा सके।

ज्ञापन में उन क्षेत्रों में मतदान रद्द कर पुनर्मतदान कराने की भी मांग की गयी, जहां गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। भाजपा नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का विश्वास बनाये रखने के लिए स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव बेहद जरूरी हैं। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी मांग की कि मतगणना प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराई जाये तथा किसी भी प्रकार की हेराफेरी या अनुचित हस्तक्षेप को रोकने के लिए पर्याप्त सुरक्षा उपाय किये जायें।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए श्री ढिल्लों ने कहा कि भाजपा मतदाताओं के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और यह सुनिश्चित करना चाहती है कि चुनावी प्रक्रिया भय, दबाव और सत्ता के दुरुपयोग से मुक्त रहे। श्री ढिल्लों के साथ प्रतिनिधिमंडल में सुभाष शर्मा, एन.के. वर्मा, विनीत जोशी और वरिष्ठ भाजपा नेता रंजीत गिल भी शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित